
बिलासपुर /छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में अवैध निर्माण की शिकायतें आम है। पुराना बस स्टैंड निवासी श्याम कश्यप ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप नगर निगम प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए निराला नगर में अवैध निर्माण की शिक्षयत कर अतिक्रमण हटाने और दुकानों में ताला बंदी करने की मांग की है।

शिकायतकर्ता श्याम कश्यप के मुताबिक राजा होटल के सामने निराला नगर निवासी शिरीष पाण्डेय, गिरीश पाण्डेय और आशीष पाण्डेय पिता स्व. एस.पी. पाण्डेय ने सड़क की शासकीय भूमि पर दो मंजिला व्यवसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण करा उसे किराये पर दे दिया गया है। आरोप है कि संबंधित भूमि से जुड़े रजिस्ट्री दस्तावेज, बी-1, डायवर्सन आदि आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं, इसके बावजूद निर्माण कराया गया है। शिकायतकर्ता श्री कश्यप ने कहा है कि अग्रसेन चौक से श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक (पुराना बस स्टैंड) तक की सड़क की चौड़ाई लगभग 80 फीट है, जो इस निर्माण के कारण कम हो गई है, इसके चलते यहाँ रोजाना जाम लग रहा और दुर्घटनाओं की स्थिति बन रही है।उनका कहना है कि पिछले डेढ़ साल से वे कलेक्टर जनदर्शन, संभागायुक्त कार्यालय एवं नगर निगम आयुक्त से लगातार शिकायत कर रहे है, पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। जबकि राजीनामा आवेदन भी निरस्त किया जा चुका है।
