ब्रेकिंग

बिरयानी से बर्गर और खारी तक खाद्य विभाग की छापेमारी, 7 ठिकानों पर पहुंची टीम तो खुली स्वच्छता और दस्तावेजों की पोल, 5 खाद्य नमूने जब्त, 2 फर्मों पर इम्प्रूवमेंट नोटिस की तैयारी, लैब रिपोर्ट के इंतजार में विभाग!

बिलासपुर,,, आम नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के दावों के बीच खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने ‘सुरक्षित आहार हमर अधिकार’ अभियान के तहत न्यायधानी में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ सघन निरीक्षण अभियान छेड़ दिया है। उपसंचालक डॉ. शुभा गढ़ेवाल के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने महज दो दिनों में 7 खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर 5 खाद्य नमूने जांच के लिए जब्त किए हैं। वहीं, स्वच्छता और अनिवार्य दस्तावेजों में कमियां मिलने पर 2 फर्मों के खिलाफ सुधार सूचना (इम्प्रूवमेंट नोटिस) जारी करने की अनुशंसा की गई है।


बिरयानी से लेकर खारी और बर्गर तक के नमूने जब्त
25 नवंबर को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले के 4 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान आर.आर. रेस्टोरेंट से वेज बिरयानी का विधिक नमूना लिया गया। इसके अगले दिन 26 नवंबर को 3 अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इसमें द मेड बेकर्स से पैक्ड मसाला खारी और बर्गर बन, जबकि द बर्गर किंग्स से फ्रेंच फ्राइज और वेज बर्गर के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए संकलित किए गए।


दस्तावेजों की कमी पर संचालकों को चेतावनी…


निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र और पानी की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत इन दस्तावेजों को अनिवार्य बताते हुए संचालकों को तत्काल कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए। वहीं, स्वच्छता और आवश्यक मानकों में कमी पाए जाने पर 2 फर्मों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सुधार सूचना जारी करने के लिए अभिहित अधिकारी को प्रकरण भेजा गया है।


लैब रिपोर्ट के बाद होगी अगली कार्रवाई…


कार्रवाई में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीर सागर पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और प्रतीक तिवारी शामिल रहे। जब्त किए गए सभी 5 खाद्य नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अब खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट पर नजर रहेगी कि प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थ गुणवत्ता और सुरक्षा के निर्धारित मानकों पर कितने खरे उतरते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *