
बिलासपुर,,, नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सगी बहनों को गिरफ्तार किया है! मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है! जहां ACCU और सरकंडा पुलिस की संयुक्त टीम ने पाटलीपुत्र नगर और राजकिशोर नगर इलाके में रेड कार्रवाई कर गांजा बिक्री का भंडाफोड़ किया…
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो महिलाएं क्षेत्र में सक्रिय रूप से गांजा बेच रही हैं! सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी, जहां दोनों आरोपी महिलाएं कार और स्कूटी में गांजा रखकर बिक्री करते हुए रंगे हाथ पकड़ी गईं…
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी (30 वर्ष) और सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो आपस में सगी बहनें हैं। दोनों मूलतः जयराम नगर मस्तूरी की रहने वाली हैं और वर्तमान में सरकंडा के पाटलीपुत्र नगर में रह रही थीं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 6 किलो गांजा, नगदी 5 लाख 98 हजार 30 रुपये, 2 मोबाइल, 2 घड़ियां, 2 स्कूटी और एक कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 15 लाख 78 हजार 30 रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी बहनें नाम बदलकर अलग-अलग क्षेत्रों में गांजा बेचती थीं, ताकि पहचान से बच सकें। गांजा बिक्री से हुई कमाई से उन्होंने स्कूटी खरीदी थी, जिसका उपयोग परिवहन और सप्लाई में किया जा रहा था। साथ ही, जब्त कार उनके एक परिचित की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का पहले से भी मादक पदार्थ से संबंधित आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। फिलहाल दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
