ब्रेकिंग

सुपारी केस से जमानत मिलते ही फिर फंसा राजू सोनकर, इस बार ताश-पत्ती संग जुए के फड़ पर सरकंडा पुलिस ने दबोचा, करोड़ों की लूट और गोलीकांड के आरोपी का नाम फिर सुर्खियों में, नकदी और 52 पत्ती के साथ छह जुआरी गिरफ्तार…

Spread the love

बिलासपुर,,,, जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में देर रात जुए के फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में चर्चित राजू सोनकर का नाम सामने आने के बाद इलाके में फिर से चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। राजू सोनकर वही आरोपी है, जिसका नाम एमआईसी मेंबर और बीजेपी नेता बंधु मौर्य की हत्या की सुपारी और गोलीकांड मामले में सामने आया था। हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए राजू को पुलिस ने एक बार फिर अवैध गतिविधियों में लिप्त पाया।


जानकारी के अनुसार सरकंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मौर्य कॉम्प्लेक्स के पीछे किसान पारा इलाके में देर रात जुए की महफिल सजी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई इतनी अचानक हुई कि जुआ खेल रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मौके से पुलिस ने ₹47,900 नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की।


पुलिस ने देवेंद्र देवांगन, हरिओम साहू, दुर्गेश यादव, राजू सोनकर, गोवर्धन साहू और रितेश शर्मा को गिरफ्तार किया। सूत्रों का दावा है कि इलाके में लंबे समय से जुए का खेल संचालित हो रहा था। दबिश के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया।


गौरतलब है कि सरकंडा क्षेत्र में हुए चर्चित सोना लूटकांड और सर्राफा कारोबारी पर जानलेवा हमले में भी राजू सोनकर की भूमिका सामने आई थी। मामला उजागर होने के बाद बीजेपी ने उसे संगठन के सभी पदों से हटाकर पार्टी से बाहर कर दिया था। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई कर मुचलके पर रिहा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *