
बिलासपुर। फोरम ऑफ रिटायर्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स, छत्तीसगढ़, के बिलासपुर जिला समिति ने नगर पालिक निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे को
ज्ञापन सौंप नेहरू चौक के पास आई.जी. तिराहे पर भारत रत्न, अभियंता सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की है।
संघ के प्रतिनिधि मंडल में पार्षद गणेश रजक फोरम के पदाधिकारी इंजी. राजीव नयन शर्मा, इंजी. आर. आर. सर्वे, इंजी. आर. के. मित्तल एवं इंजी. आर. के. सक्सेना मौजूद रहे। संघ ने आईजी तिराहे पर प्रतिमा स्थापित कर भव्य स्वागत द्वार का निर्माण करा इस मार्ग का नामकरण “अभियंता पथ” करने की मांग की है।
संघ ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल के प्रस्ताव की सराहना करते हुए प्रतिमा स्थापना पर अपनी सहमति व्यक्त करते हुए इसके लिए समिति गठित कर प्रस्ताव को एम.आई.सी में प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अभियंताओं का योगदान राष्ट्र निर्माण में अविस्मरणीय है और सर विश्वेश्वरैया जी की प्रतिमा युवा अभियंताओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी।
