
बिलासपुर,,, लोकतंत्र की रक्षा, मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के विरोध में दिल्ली में आयोजित रैली में NSUI बिलासपुर ने अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के बाराखंभा रोड पर राहुल गांधी की रैली में NSUI बिलासपुर के जिलाध्यक्ष रंजेश सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और मताधिकार की रक्षा के समर्थन में आवाज बुलंद की।

मतदाता सूची में गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग
रैली के दौरान INDIA गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च निकालते हुए मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा करने की मांग की।
NSUI बिलासपुर के जिलाध्यक्ष रंजेश सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का वोट है। मतदाता के वोट की निष्पक्षता और उसके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। मतदाता सूची में गड़बड़ियों से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों का विश्वास मजबूत बना रहे।

लोकतंत्र की रक्षा के लिए युवाओं से आगे आने की अपील
रंजेश सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए उठाई जा रही आवाज को मजबूती देने के उद्देश्य से NSUI बिलासपुर के साथी दिल्ली पहुंचे। उन्होंने कहा कि युवाओं की जिम्मेदारी केवल अपने भविष्य के लिए संघर्ष करना नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में भी सक्रिय भूमिका निभाना है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जब सवाल जनता के मताधिकार और लोकतंत्र की मजबूती का हो, तब युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी हो जाती है।
दिल्ली की इस रैली में NSUI बिलासपुर के सैकड़ों साथियों की भागीदारी को संगठन ने लोकतंत्र, संविधान और मतदाता अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के रूप में प्रस्तुत किया।
