
0 बोले वोट मांगने और डायलॉग बाजी में आगे क्यो नही करा पा रहे काम
0 विधायक और महापौर 4 माह पहले नारियल फोड़ भूले आक्रोशित नागरिकों ने दिलाया याद
बिलासपुर/ बारिश थम गई, फंड की कमी नही और खरतर अफसरो को पहले ही टेंडर- सेंडर करने की चेतावनी दी जा चुकी है, बावजूद इसके न्यायधानी की बदहाल और धूल गर्द से अटे सड़को पर काम न होने से हलाकान परेशान नागरिक अब सडक पर उतरकर आंदोलन कर रहे। सब्र का बांध टूटने से आक्रोशित तालापारा मारीमाई के रहवासियों ने रविवार को मस्जिद के सामने जंगी प्रदर्शन कर करीब तीन घंटे तक चक्काजाम कर किया।
इसके चलते सड़क पर आवागमन बाधित रहा।स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले पांच साल से सड़क पूरी तरह जर्जर है। जगह-जगह गिट्टी उखड़ चुकी है, जिससे दोपहिया वाहन चालक आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं। वहीं, उड़ती धूल ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। धूल के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।
नरियर फोड़े मा आघू
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि चार महीने पहले विधायक और महापौर ने इस सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया था, लेकिन पक्की सड़क बनाने के बजाय सिर्फ गिट्टी और मुरुम डालकर छोड़ दिया गया। लोग पांच साल से अधिकारियों और नेताओं के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समस्या जस की तस है।वार्ड 25 और 26 के पार्षदों की गैरमौजूदगी पर भी लोगों ने नाराजगी जताई। चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे और भी उग्र आंदोलन करने बाध्य होंगे।
यास्मीन खान
