
बिलासपुर। पूरी गर्मी निकल गई जलसंकट से निबटने निगम प्रशासन के अफसर बोल बच्चन करते काट दिए। सामान्य सभा मे पानी की किल्लत और गंदे जल की आपूर्ति को लेकर सवाल उठे पर कोई पहल नही की गई। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों से फुर्सत मिली तो भड़के कांग्रेसजनों ने सोमवार को निगम मुख्यालय का घेराव कर मटकी लेकर प्रदर्शन कर निगम प्रशासन को होश में लाने नारेबाजी की।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तय कार्यक्रम के तहत निगम क्षेत्र में गहराते जल संकट को लेकर निगम मुख्यालय विकास भवन के सामने खाली मटकी लेकर जंगी प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम प्रशासन पर शहरवासियों को मूलभूत सुविधा तक उपलब्ध कराने में विफल होने का आरोप लगाते हुए निगम प्रशासन होश में आओ पानी देना होगा के नारे लगाए और निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर आवाज बुलंद किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बीच शहर के कई वार्डों में लोग पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन निगम प्रशासन समस्या के समाधान के बजाय केवल दावे कर रहा है। खाली मटकी के साथ प्रदर्शन कर कांग्रेसियों ने यह संदेश देने की कोशिश की कि शहर की जनता के घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है।
नेताओं ने जल संकट का शीघ्र समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय पाण्डेय,दिलीप पाटिल, पंकज सिंह ठाकुर, समीर अहमद, शहजादी कुरैशी, महेश दुबे और राजेंद्र शुक्ला सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।



