
बिलासपुर,,, वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अंतर्गत सिरगिट्टी मंडल में जन चौपाल का आयोजन किया गया। प्रदेश एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनावी पारदर्शिता, मतदाता सूची में गड़बड़ी और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर चिंता जताई।
जन चौपाल में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी और मतदाता सूची की अनियमितताओं के मामले लोकतंत्र के लिए गंभीर चुनौती हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए। केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया गया।
ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि जनता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। इसकी निष्पक्षता और सुरक्षा से समझौता नहीं होना चाहिए। मंडल अध्यक्ष अजय मनहरे ने कार्यकर्ताओं से गांव, वार्ड और घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को जागरूक करने तथा मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, पूर्व मंडी अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला, शहनवाज खान, पुष्पेंद्र साहू, पवन साहू, राकेश यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समापन पर अभियान को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।
