
बिलासपुर,,, न्यायधानी में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों पर अंकुश लगाने सरकंडा पुलिस ने सख्ती दिखाई है। क्षेत्र में विवाद और अशांति फैलाने की आशंका पर पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, थाना क्षेत्र में गश्त और पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ युवक सार्वजनिक स्थान पर वाद-विवाद और हुड़दंग कर रहे हैं। इससे इलाके की शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के अनुसार समझाने के बावजूद वे शांत नहीं हुए और संज्ञेय अपराध करने पर आमादा रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
इन छह लोगों पर हुई कार्रवाई
पुलिस की कार्रवाई में राहुल कलशा (26 वर्ष), निवासी श्याम नगर लिंगियाडीह, वकील कुरैशी (44 वर्ष), निवासी चांटीडीह पठान मोहल्ला, रेहान खान (20 वर्ष), निवासी बंधवापारा, समीर हुसैन (19 वर्ष), निवासी सतबहिनिया मंदिर के पास बंधवापारा, दीपक साहू (18 वर्ष), निवासी अशोक नगर और शनि यादव (19 वर्ष), निवासी मुरूम खदान अशोक नगर शामिल हैं।
एसएसपी के निर्देश पर कार्रवाई…
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।
