ब्रेकिंग

जहरीली शराब ले रही जान लोफन्दी में हुई 8 मौतों के बाद अब जांजगीर-चांपा जिले में 2 युवकों की मौत, मामला रंजिशन शराब में सुहागा मिलाकर देने का, दो अवैध शराब विक्रेता गिरफ्तार, क्या पुलिस को नही था पता?

Spread the love

0 घटना जांजगीर-चांपा के बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम करही की
0 शराब पीकर झगड़ा करने और पुलिस से पकड़वाने की धमकी देने के कारण रखते थे खुन्नस

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के ग्राम लोफन्दी में जहरीली शराब से हुई 8 लोगो की मौत के बाद अब, जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम करही में दो युवकों की जहरीली शराब से मौत के मामला आया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, आरोप है कि ये आरोपी शराब में सुहागा मिलकर बेच रहे थे जिसे पीने से दो युवकों की दो मौत हुई। एसपी विजय पाण्डेय ने मीडिया के समक्ष पूरे घटनाक्रम और आरोपियों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी।

एसपी श्री पाण्डेय ने बताया कि गत 15 सितंबर को ग्राम करही के सूरज यादव और मनोज कश्यप की शराब पीने के बाद मौत हो गई थी। जांच में पता चला कि इन युवकों ने गांव के ही अवैध शराब विक्रेता सुरेंद्र उर्फ भोला टंडन से शराब खरीदा था। शराब पीने के तुरंत बाद दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए सारंगढ़ के राधा कृष्ण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
गवाहों के बयानों के आधार पर यह स्पष्ट हो गया कि यह एक सुनियोजित हत्या है। पुलिस ने तकनीकी सबूतों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर संदेही भोला टंडन उर्फ सुरेंद्र टंडन को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि मृतक सूरज और मनोज आए दिन उसके पास शराब पीकर झगड़ा करते थे और उसे पुलिस से पकड़वाने की धमकी देते थे। रोज-रोज की इस परेशानी से तंग आकर उसने अपने चचेरे भाई अनिल टंडन के साथ मिलकर दोनों को जान से मारने की योजना बनाई। तय योजना के तहत उन्होंने अंग्रेजी शराब में सुहागा मिलाकर रखा जैसे ही सूरज और मनोज शराब खरीदने आए तो वही सुहागा मिला जहरीली शराब उन्हें दे दी। जिससे पीने से उनकी तबियत बिगड़ी और मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी भोला टंडन उर्फ सुरेंद्र टंडन और अनिल टंडन को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से सुहागा का रैपर और एक नुकीला हथियार भी बरामद किया है। इसके बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *