ब्रेकिंग
Uncategorized

कानून पढ़ने आए थे, कैंपस में बना डाला कानून अपने हाथ में, डीपी विप्र लॉ कॉलेज में जूनियर पर सीनियर्स की दबंगई, प्रदर्शन में शामिल होने से इनकार पड़ा भारी, मारपीट का वीडियो वायरल और सरकंडा पुलिस ने दर्ज किया अपराध…

बिलासपुर,,, न्यायधानी के डीपी विप्र लॉ कॉलेज में जूनियर छात्र के साथ कथित रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है! मामूली विवाद के बाद सीनियर छात्रों पर फर्स्ट ईयर के छात्र के साथ मारपीट करने और उसे कॉलेज में चल रहे छात्र आंदोलन में शामिल होने के लिए दबाव बनाने का आरोप है! घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है।
बताया जा रहा है कि कॉलेज में किसी मुद्दे को लेकर छात्र आंदोलन और प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने एक जूनियर छात्र पर प्रदर्शन में शामिल होने का दबाव बनाया। छात्र के इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और उसके साथ मारपीट की गई। वायरल वीडियो में कुछ युवक छात्र के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
मामले में महेश साहू, अखिलेश सहित करीब दर्जनभर युवकों पर आरोप लगाए गए हैं। आरोप यह भी है कि मारपीट में कॉलेज से पढ़ाई पूरी कर चुके कुछ पूर्व छात्र भी शामिल थे।
शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने महेश साहू सहित अन्य छात्रों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। कॉलेज कमेटी द्वारा कार्रवाई का निर्णय लिया गया है। पढ़ाई पूरी कर चुके पूर्व छात्रों के कॉलेज परिसर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी की जा रही है। साथ ही मामले की जानकारी बार काउंसिल को भेजे जाने की बात सामने आई है।
कानून की पढ़ाई कराने वाले संस्थान में रैगिंग और मारपीट के आरोप सामने आने के बाद अब सवाल उठ रहा है कि आखिर कैंपस में जूनियर छात्रों की सुरक्षा और अनुशासन को लेकर व्यवस्था कितनी मजबूत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button