
बिलासपुर,,,, शहर के व्यापार विहार स्थित ऑटो डीलिंग बाजार में मंगलवार रात को एक बेहद चिंताजनक और शर्मनाक घटना सामने आई है। कार पार्किंग के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक ऑटो डीलर ने अपने प्रतिद्वंद्वी डीलर पर अपने साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

क्या है पूरा मामला?
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के व्यापार विहार इलाके में कमलेश ग्वालानी नामक युवक की ऑटो डीलिंग की दुकान है। मंगलवार रात लगभग 8 बजे कमलेश ने अपनी कार अपनी ही दुकान के पास खड़ी की थी। इस पर पास ही में दुकान चलाने वाले राकेश लांझेवार ने आपत्ति जताई।

कार नहीं हटाने पर राकेश लांझेवार ने अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचकर पहले कमलेश से गाली-गलौच की और फिर उसे दुकान से बाहर खींचकर मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि कमलेश को बुरी तरह पीटा गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
क्या कह रहे हैं पीड़ित कमलेश ग्वालानी?
पीड़ित कमलेश ग्वालानी ने बताया कि,राकेश लांझेवार पिछले कई दिनों से जानबूझकर विवाद कर रहा है। वह ऑटो डीलिंग के व्यवसाय में प्रतिस्पर्धा को लेकर मुझसे जलता है। मंगलवार को तो हद ही कर दी – दुकान में घुसकर गालियाँ दी और फिर मारपीट की।”
कमलेश ने सिविल लाइन थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन से अपेक्षा
यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के नाम पर हो रही दबंगई और हिंसा को भी उजागर करती है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। व्यापारियों ने भी इस घटना की निंदा की है और प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।
जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।



