
बिलासपुर,,,, शहर के वीआईपी इलाके सिविल लाइन थाना क्षेत्र से भाजपा नेत्री के बेटे की दबंगई का मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि राजनीतिक रसूख के दुरुपयोग की पोल भी खोल दी है। यह पूरा मामला व्यापार विहार क्षेत्र में घटित हुआ, जहां भाजपा नेत्री का बेटा यशराज सिंह अपने दोस्तों के साथ मौजूद था।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यशराज सिंह ने किसी मामूली बात को लेकर अपने ही साथी के साथ विवाद कर लिया और देखते ही देखते बोतल से हमला करते हुए उसकी पिटाई कर दी। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें यशराज की गुंडागर्दी साफ तौर पर देखी जा सकती है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।
चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के बाद आरोपी यशराज सिंह खुद को पीड़ित बताते हुए सीधे सिविल लाइन थाने पहुंच गया और उल्टा अपने ही साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। बताया जा रहा है कि यशराज थाने में अपने राजनीतिक रसूख का हवाला देकर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश करता रहा।
हालांकि, पुलिस का दावा है कि मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के आधार पर निष्पक्ष रूप से की जा रही है। अगर आरोप सही पाए गए तो आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या राजनीतिक पहुंच वाले लोग कानून से ऊपर हैं



