
0 अब तक कथित अवैध सबंध बताई जा रही वजह

0 आरोपी महिला और आरक्षक के बीच संबंध, घटना की पूर्व योजना और अन्य बिंदुओं की की जा रही जांच
दुर्ग/ बिलासपुर/ छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था की स्थिति कितनी दयनीय और आरोपियो अपराधियो के हौसले किस कदर बुलंद है, दुर्ग जिले के एसटीएफ कॉलोनी की ये घटना इसकी बानगी है, जहा एक महिला ने एक आरक्षक के घर घुसकर आरक्षक की पत्नी और मासूम बेटे की चाकू घोंपकर हत्या कर दी वही हमले में सिपाही की बेटी गंभीर घायल बताई जा रही है।
पूरे इलाके को थर्रा देने वाली ये वारदात शनिवार सुबह करीब 8 बजे दुर्ग जिले के बेहद सुरक्षित माने जाने वाले एसटीएफ कॉलोनी की है,
ये है मामला……

अब तक कि मिली जानकारी के अनुसार, एसटीएफ कॉलोनी में पदस्थ आरक्षक ललितेश यादव के घर आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज अचानक पहुंची और घर में घुसते ही चाकू से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमले में आरक्षक की पत्नी रानी यादव और 9 वर्षीय बेटे आदित्य यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटी
तानिया यादव गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाकर आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
घटना के दौरान घर में मौजूद एक अन्य बच्ची नैना यादव ने किसी तरह खुद को बाथरूम में बंद कर अपनी जान बचाई।
ये बताई जा रही वजह
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला और आरक्षक के बीच कथित रूप से अवैध संबंध थे। बताया जा रहा कि ये महिला एक दिन पहले भी आरक्षक के घर पहुंची थी, जहां से उसे समझाइश देकर वापस भेज दिया गया था। इसी रंजिश में महिला ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद एसटीएफ कालोनी समेत पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश के माहौल को भांपते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
आरोपी महिला गिरफ्तार
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के मुताबिक, “आरोपी महिला ने घर में घुसकर महिला और बच्चों पर हमला किया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है, एक बच्ची का इलाज जारी है।
आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, साथ ही आरोपी और आरक्षक के बीच संबंध, घटना की पूर्व योजना और अन्य संभावित कारणों को खंगाला जा रहा है।



