
बिलासपुर,,, बिलासपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां कथित 2000 करोड़ रुपये के शराब घोटाले की जांच अब शहर के प्रमुख कारोबारियों तक पहुंचती नजर आ रही है। गुरुवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने शहर के प्रतिष्ठित सर्राफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के आवास पर छापा मारा। बताया जा रहा है कि 10 से अधिक अधिकारियों की टीम इस कार्रवाई में शामिल रही।
ED की टीम ने केवल उनके निवास पर ही नहीं, बल्कि उनके व्यावसायिक प्रतिष्ठान ‘श्रीराम ज्वेलर्स’ (मध्यनगरी चौक) पर भी एक साथ दबिश दी, जहां देर तक जांच और दस्तावेजों की पड़ताल जारी रही। इस कार्रवाई से शहर के व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई है।

जानकारी के मुताबिक, इस पूरे मामले में मुख्य कड़ी विवेक अग्रवाल के भाई विकास अग्रवाल को माना जा रहा है। ED को संदेह है कि विकास अग्रवाल कथित शराब घोटाले के सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है। उस पर लगभग 2000 करोड़ रुपये के घोटाले में सक्रिय भूमिका निभाने का आरोप है।
सूत्रों के अनुसार, विकास अग्रवाल को इस मामले के मुख्य आरोपी अनवर ढेबर का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। फिलहाल विकास अग्रवाल फरार है, जिसके चलते ED अब उसके रिश्तेदारों और व्यावसायिक नेटवर्क पर शिकंजा कस रही है।
मध्यनगरी चौक जैसे व्यस्त व्यापारिक इलाके में हुई इस बड़ी कार्रवाई से सर्राफा बाजार सहित पूरे कारोबारी जगत में हलचल मच गई है। व्यापारी वर्ग में इस बात को लेकर चर्चा तेज है कि जांच का दायरा और भी बढ़ सकता है।
हालांकि, ED की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बरामदगी या कार्रवाई से जुड़े विस्तृत विवरण देर शाम तक सामने आने की संभावना जताई जा रही है।



