ब्रेकिंग

खेत में लहलहा रही धान की फसल, सरकारी रिकॉर्ड में किसान का रकबा गायब! कहीं शून्य तो कहीं आधा रकबा दर्ज, ऊपर से टोकन का टंटा… किसानों की परेशानी पर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी का ऐलान किसान की गलती नहीं तो सजा क्यों? किसान की लड़ाई कांग्रेस लड़ेगी…

बिलासपुर,,,  धान खरीदी में रकबा शून्य दर्ज होने, वास्तविक रकबे से कम रकबा चढ़ने, गलत गिरदावरी और डिजिटल क्रॉप सर्वे की त्रुटियों को लेकर कांग्रेस ने किसानों की लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विजय केशरवानी ने कलेक्टर संजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण कराने की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गलती किसान की नहीं है, तो उसकी सजा किसान क्यों भुगते?
ज्ञापन में बताया गया है कि बेलतरा विधानसभा सहित जिले के कई किसानों के खेतों में धान की फसल होने के बावजूद ऑनलाइन रिकॉर्ड में रकबा शून्य दर्ज है। कहीं वास्तविक कृषि भूमि से कम रकबा दर्ज किया गया है, तो कहीं धान की जगह दूसरी फसल की प्रविष्टि कर दी गई है। इसके चलते किसानों का पंजीयन और टोकन प्रभावित हो रहा है। सेमरताल और पौसरा धान खरीदी केंद्रों से जुड़े प्रभावित किसानों के दस्तावेज भी उदाहरण के तौर पर प्रशासन को सौंपे गए हैं।
सीमित खरीदी अवधि और पटवारी हड़ताल ने बढ़ाई चिंता
कांग्रेस ने कहा कि 15 नवंबर से 15 जनवरी तक निर्धारित धान खरीदी अवधि के बीच किसान रिकॉर्ड सुधारवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। वहीं पटवारी संघ की हड़ताल से रकबा संशोधन और गिरदावरी के काम में देरी की आशंका है।
13 सूत्रीय मांगों में विशेष जांच और राहत की मांग
विजय केशरवानी ने बेलतरा विधानसभा में विशेष जांच अभियान, शून्य रकबा वाले किसानों का भौतिक सत्यापन, गलत फसल प्रविष्टियों में सुधार, जबरन रकबा समर्पण पर रोक, बचत धान का निष्पक्ष सत्यापन और एग्रीस्टेक व फार्मर आईडी की समस्याओं के निराकरण की मांग की है। साथ ही PV एप्लिकेशन की तकनीकी दिक्कतें दूर करने, पटवारी हड़ताल के दौरान वैकल्पिक राजस्व व्यवस्था बनाने और गांवों व खरीदी केंद्रों पर सहायता शिविर लगाने की मांग रखी है।


कांग्रेस ने प्रशासन से शिकायतों के निराकरण की समय-सीमा तय करने और विभागीय गलती के कारण धान नहीं बेच पाने वाले पात्र किसानों को अतिरिक्त अवसर देने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने की मांग की है। केशरवानी ने कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार फसल की खरीदी तकनीकी खामियों के कारण नहीं रुकनी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि किसान की लड़ाई कांग्रेस लड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *