
बिलासपुर/ एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के स्टेट जीएसटी की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मामले में अधिकारी के एक कथित बिचौलिए चार्टर्ड अकाउंटेंट इमरान मेमन को भी हिरासत में लिया गया है।
ये है मामला
कांकेर के संजय नगर के कारोबारी शोएब रंगरेज ने जगदलपुर एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि ई-वे बिल के कारण उनके ट्रक रोका गया था। आरोप है कि वाहन छोड़ने और भारी जुर्माने से बचाने के एवज में सहायक आयुक्त ने पहले 2 लाख रुपये की मांग की थी, मांडवाली के बाद 1.50 लाख रुपये तय हुई।
नाली में फेंक दी नोटो की गड्डी
बताया जा रहा कि शिकायत के सत्यापन के बाद रायपुर और जगदलपुर एसीबी की 18 सदस्यीय संयुक्त टीम ने तय योजना के तहत ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम देने अधिकारी के निवास पर दबिश दी, तो पकड़े जाने के डर से रिश्वत के नोटों के बंडल घर के बाहर नाली में फेंक दिए गए। हालांकि, एसीबी की टीम ने नाली से पूरी रकम बरामद कर ली।
खंगाली जा रही कुंडली
बताया जा रहा कि एसीबी ने सहायक आयुक्त अंचला गिरी और 30 वर्षीय सीए इमरान मेमन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है, अधिकारी के आवास पर आय से अधिक संपत्ति से जुड़े दस्तावेज को टीम अपने कब्जे में लेकर जांच कर रही और महिला अधिकारी के अब तक कि कमाई व खर्चे का हिसाब किताब निकाल फाइनल रिपोर्ट्स तैयार कर रही है।
