ब्रेकिंग

सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल बुधवार को, नागरिकों को आपात स्थिति में बचाव के गुर सिखाने प्रयास

Spread the love

0 कलेक्टर-एसपी ने की मॉक ड्रिल तैयारी की समीक्षा

0 कलेक्टर ने कहा इसका उद्देश्य आपात स्थिति में बचाव की जानकारी देना

बिलासपुर/ बिलासपुर सहित देश भर में बुधवार 7 मई को होने वाले सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल के आयोजन को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने मंगलवार को मंथन सभाकक्ष में मॉक ड्रिल के तैयारियो की समीक्षा की।
कलेक्टर ने कहा कि मॉक ड्रिल से किसी को दहशत में आने की कतई जरूरत नहीं हैं। इसका उद्देश्य नागरिकों को आपात स्थिति में बचाव और प्रतिक्रिया के तरीकों के बारे में जागरूक करना है। कि आपदा की स्थिति में लोग कैसे व्यवहार करें और क्या उपाय करें जिससे कम से कम क्षति हो। बैठक में जिले में स्थित महत्वपूर्ण संस्थान जैसे एनटीपीसी, एसईसीएल, एयरपोर्ट, रेलवे सहित अधिकारी एवं सुरक्षा से जुड़े संस्थान जैसे एनसीसी कैडेट्स के प्रमुख, एनएसएस, होम गार्डस, रेडक्रास सोसायटी आदि के प्रमुख मौजूद रहे।
बताया गया कि मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बजाए जाएंगे। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का अभ्यास किया जायेगा। इसके अलावा ब्लेक आउट की स्थिति में बिजली प्रबंधन का अभ्यास भी किया जायेगा। मॉक ड्रिल के पहले लोगों को बता दिया जाए कि यह केवल रिहर्सल है। वास्तविक घटना से इसका कोई लेना देना नहीं है ताकि वे किसी तरह के पैनिक स्थिति में न आएं।

एसएसपी ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग संस्थाओं के मॉक ड्रिल का तौर-तरीका अलग होगा। उन्होंने स्वयं सेवकों, एनसीसी, एनएसएस, पूर्व सैनिकों की लिस्टिंग किये जाने पर जोर दिया। मॉक ड्रिल क्यों और कैसे किया जाये, इसके बारे में लोगों को बताया जाये। उन्होंने इस संबंध में सोशल मीडिया अथवा अन्य किसी भी स्रोत से प्रसारित अफवाहों पर ध्यान नहीं दिये जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसे सभी लोग सामान्य तैयारी के रूप में लें। जब हम पहले से तैयार रहें तो क्षति कम होगी। कलेक्टर ने केन्द्र सरकार की बड़ी संस्थानों को विशेष रूप से सतर्क रहने एवं सुरक्षा एसओपी का नियमित रूप से पालन करते रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल के लिए कोई समय विशेष निर्धारित नहीं है। संस्थान अपनी सुविधा अनुसार इस दिन इसका आयोजन कर सकते हैं। बैठक में नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल,जिला कमाण्डेन्ट दीपांकुर नाथ, रेडक्रास सोसायटी के समन्वयक सौरभ सक्सेना आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *