ब्रेकिंग

स्टीयरिंग पर मोबाइल पड़ा भारी! बिलासपुर में 2621 चालक कैमरों की नजर में आए, ट्रैफिक पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन; अब फोन पर बात करते गाड़ी चलाई तो चालान तय, सड़क पर लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त…

Spread the love

बिलासपुर,,,, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले चालकों के खिलाफ बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 2621 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के कैमरों के जरिए ऐसे वाहन चालकों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 21(25) के तहत प्रतिबंधित है, लेकिन विशेष रूप से युवाओं में इस नियम की अनदेखी देखने को मिल रही है।
पुलिस का कहना है कि मोबाइल पर बात करने, मैसेज देखने या कान में ईयरबड लगाकर वाहन चलाने से चालक का ध्यान सड़क से हट जाता है, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए शहरभर में लगे आईटीएमएस कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है और नियम तोड़ने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने बताया कि बढ़ते वाहनों के कारण शहर में ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2025 में ही करीब 63 हजार नए वाहन सड़कों पर जुड़े हैं। ऐसे में यातायात अनुशासन का पालन करना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, ताकि खुद की और अन्य लोगों की जान सुरक्षित रहे। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *