ब्रेकिंग

प्रदेश की पहली खुली जेल दुर्ग में, डीजी जेल हिमांशु ने किया शुभारंभ, पायलट प्रोजेक्ट सफल हुआ तो बिलासपुर में भी जल्द…!

Spread the love

बिलासपुर/दुर्ग/ छत्तीसगढ़ में जेल सुधार और बंदियों के पुनर्वास के मद्देनजर केंद्रीय जेल दुर्ग में प्रदेश के पहले खुले जेल (ओपन करेक्शनल इंस्टीट्यूशन—OCI) की शुरुआत की गई। मंगलवार को डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने इसका शुभारंभ किया।
छत्तीसगढ़ जेल विभाग के उपसचिव ने राज्यपाल के आदेश का हवाला देते हुए गत 21 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी कर केंद्रीय जेल दुर्ग के सेक्टर-बी, बैरक क्रमांक 17 को खुली जेल के रूप में अधिसूचित करने का आदेश जारी किया है। अधिसूचना कारागार अधिनियम, 1894 की धारा 59 की उपधारा (8) तथा छत्तीसगढ़ कारागार नियम, 1968 के तहत प्रदत्त शक्तियों के प्रयोग में जारी की गई है।

जिसके तहत दुर्ग में उपलब्ध जेल अधोसंरचना का उपयोग करते हुए शुरू की गई इस खुली जेल में 30 बंदियों को रखने की व्यवस्था की गई है। चयनित बंदी सुबह जेल से बाहर जाकर निर्धारित कार्य कर सकेंगे और शाम को कार्य पूरा करने के बाद निर्धारित समय पर वापस जेल आ आएंगे । खुली जेल की स्थापना का उद्देश्य बंदियों को अनुशासन के साथ काम का अवसर देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में पुनः स्थापित कर उन्हें आगे बढ़ाना है। चर्चा है कि प्रदेश के दूसरे बड़े शहर न्यायधानी बिलासपुर में भी खुली जेल शुरू करने की योजना है। राज्य में खुली जेल व्यवस्था के विस्तार को बंदियों के पुनर्वास और उन्हें परिवार व समाज से दोबारा जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यदि प्रयोग सफल रहा तो प्रदेश के अन्य जेलों में भी ऐसी व्यवस्था के विस्तार की योजना हैं, इससे चयनित बंदियों को रोजगार, आत्मनिर्भरता और सामाजिक पुनर्वास की दिशा में अवसर मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर दुर्ग सेंट्रल जेल के अधीक्षक मनीष संभाकर सहित जेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बंदी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *