ब्रेकिंग

बिलासपुर में ‘ध्रुव तारा’ पर ACB की गाज – तहसीलदार के ठिकानों पर छापों से मचा भूचाल…

Spread the love

बिलासपुर,,, छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां ACB (एंटी करप्शन ब्यूरो) और EOW (आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा) की संयुक्त टीम ने अतिरिक्त तहसीलदार लखेश्वर ध्रुव के विभिन्न ठिकानों पर आज सुबह तड़के बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी आय से अधिक संपत्ति और आर्थिक अनियमितताओं की जांच के तहत की गई है। सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई और सुबह-सुबह ही अधिकारियों की टीम लखेश्वर ध्रुव के सरकारी निवास और अन्य संभावित ठिकानों पर पहुंची।

करीब 6 से अधिक अधिकारी इस कार्रवाई में शामिल हैं, जो दस्तावेजों की बारीकी से जांच-पड़ताल कर रहे हैं। छापेमारी के दौरान कंप्यूटर, फाइलें, जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज और बैंक खातों की जानकारी खंगाली जा रही है।

लखेश्वर ध्रुव पहले रायपुर में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत रह चुके हैं और वर्तमान में बिलासपुर जिले में अतिरिक्त तहसीलदार के रूप में पदस्थ हैं। सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम उनके पुराने कार्यकाल से जुड़े दस्तावेजों को भी खंगाल रही है ताकि उनकी संपूर्ण सेवा अवधि में हुई आर्थिक गतिविधियों का आकलन किया जा सके।

इस कार्रवाई की खबर फैलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। अधिकारी वर्ग से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इस छापेमारी की चर्चा जोरों पर है। हालांकि, ACB और EOW की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे इस कार्रवाई की गहराई और आगे की योजना को लेकर संशय बना हुआ है।

फिलहाल जांच जारी है और आने वाले घंटों में कुछ और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *