ब्रेकिंग

और अब छत्तीसगढ़ खनिज विभाग का चेयरमैन बनवाने का झांसा दे भाजपा नेता से 41.30 लाख की ठगी, पीड़ित पूर्व जिला अध्यक्ष ने थाने कराई शिकायत दर्ज

Spread the love

कोंडागांव। नौकरी ही नही ठग अब शासन में पद दिलाने का झांसा देकर भी धोखाधड़ी करने लगे, छत्तीसगढ़ में खनिज निगम के चेयरमैन का पद दिलाने का झांसा दे ठगों ने भाजपा नेता से 41 लाख 30 हजार रुपए की ठगी कर ली। ठगी के शिकार भाजपा कोर ग्रुप सदस्य और पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष कटारिया ने इसकी शिकायत केशकाल थाने में दर्ज कराई है।
थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक काजल जोशी उर्फ कोमल इंगुले और राजीव सोनी केशकाल के पूर्व जिलाध्यक्ष श्री कटारिया के पास पहुँचे, दोनो ने खुद को भाजपा और आरएसएस का बड़ा पदाधिकारी बताते हुए उनका विश्वास जीता। दावा किया गया कि उनकी पहचान दिल्ली और छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ मंत्रियों से है और वे कटारिया को खनिज निगम का अध्यक्ष बनवा सकते है, इसके लिए तीन करोड़ रुपये में सौदा भी तय हो गया। पूर्व जिलाध्यक्ष ने अगस्त से अक्टूबर 2024 के बीच किस्तों में 41.30 लाख रुपए नकद व ऑनलाइन पेमेंट के माध्यम से दिए। दिल्ली में 20 लाख रुपए, व्हाट्सएप पर भेजे गए QR कोड के माध्यम से 1.30 लाख, और फिर रायपुर के होटल क्लार्क में 20 लाख नकद दिए गए।
लंबे समय बाद भी जब नियुक्ति आदेश नहीं आया और फोन कॉल्स पर प्रतिक्रिया बंद हो गई, तब ठगी का अंदेशा होने पर जब उन्होंने भाजपा के अन्य नेताओं से सम्पर्क कर पूछताछ की, तो पता चला कि काजल जोशी या कोमल इंगुले का भाजपा से कोई लेना-देना ही नहीं है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल नम्बर से उन्हें ट्रेस करने की कोशिश की तो दोनों का मोबाइल बन्द मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *