

बिलासपुर,,,, सावन के पवित्र माह के चौथे सोमवार को देशभर के शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के से ही श्रद्धालु जल, बेलपत्र, दूध और भस्म लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने मंदिरों में पहुंचे। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। कई स्थानों पर विशेष पूजा-अर्चना और भजन संध्या का आयोजन भी किया गया।
कांवड़ यात्रियों की भी लंबी कतारें देखी गईं, जिन्होंने गंगाजल लाकर शिवलिंग का अभिषेक किया। मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे। पुलिस व स्वयंसेवकों की तैनाती से श्रद्धालुओं को दर्शन में सुविधा मिली।
श्रद्धालुओं का मानना है कि सावन सोमवार को शिव पूजन करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-शांति बनी रहती है। इस मौके पर मंदिरों में भक्ति और आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला।




