

बिलासपुर_रतनपुर,,, चलती बस में यात्रियों से झपटमारी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 महिलाओं समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी उठाईगिरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार बांकी मोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान ने 11 अगस्त को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को वह अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर गए थे। वापसी के दौरान नेहरू चौक से बांकी मोंगरा जाने वाली बस में सवार हुए। महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में चढ़ीं। भीड़ के बीच आरोपियों ने धक्का-मुक्की करते हुए उनकी पत्नी को घेर लिया। शनिचरी चौक रतनपुर के पास महिलाओं के उतरने के बाद जब बस खाली हुई तो गीता प्रधान के गले से सोने की चेन गायब मिली।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने महामाया चौक बिलासपुर और शनिचरी चौक रतनपुर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कोनकोना, थाना बांगो निवासी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर समूह बनाकर बस में महिला से धक्का-मुक्की कर चेन चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक चोरी की चेन गिरोह की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी, निवासी रामनगर थाना कुसमी, को 20 हजार रुपये में बेचने की बात सामने आई है। आरोपियों ने 12 हजार रुपये खर्च करना बताया, जबकि 8 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।
गिरफ्तार सभी 9 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय सहित पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।




