

0 बोले खर्चा आता है 4 लाख, 20 लाख की निविदाकार कर रहे भ्र्ष्टाचार

0 कहा ज्यादा पैसा है तो रावण का पुतला फूंकने के बजाय जनहित में विकास के लिए फूंके
बिलासपुर। बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देने वाले महापर्व विजयदशमी के विलेन लंकापति और धुरंधर राजनीतिज्ञ रावण भी बिलासपुर की राजनीति के चक्कर मे ऐसे फंसे की उबार नही हो पा रहा। साल दर साल इसको लेकर चली आ रही सत्ता और विपक्ष की लड़ाई इस साल और दिलचस्प हो गई। दरअसल निगम प्रशासन ने इस बार रावण का ही ट्रांसफर कर दिया। अब इस साल रावण दहन पुलिस लाइन में नही बल्कि साइंस कॉलेज मैदान में होगा जहां अरपांचल समिति का आयोजन होता था और इसको लेकर सत्ता परिवर्तन के बाद टसल चल रहा। इधर कांग्रेस ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर बिलासपुर में त्योहारों के सरकारीकरण और साइंस कॉलेज मैदान रावण दहन के लिए नगर निगम की 20 लाख की निविदा में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, पूर्व महापौर रामशरण यादव तथा पूर्व शहर अध्यक्ष विजय पाण्डेय ने कहा कि नगर निगम प्रशासन ने साइंस कॉलेज मैदान में दशहरा उत्सव के लिए निविदा सूचना प्रकाशित कराया है इसकी जानकारी महापौर पूजा विधानी को नही है ,कांग्रेस नेताओं ने पूछा कि क्या उक्त कार्यक्रम का प्रस्ताव नगर निगम के मेयर इन कौन्सिल से पारित है? अगर प्रस्ताव एमआई सी से पारित है तो महापौर को क्यों नहीं पता है? और अगर नहीं तो बिना प्रस्ताव पारित किये निविदा कैसे निकाली गई? जब साइंस कॉलेज मैदान में पूर्व से ही दूसरी समिति आयोजन करते आ रही है तो वहां नगर पालिक निगम क्यों दखल देना चाहती है?
कांग्रेस नेताओं ने कहा क्या आगामी वर्षों में शहर के सभी रावण दहन नगर पालिक निगम करने वाली है अगर नहीं तो पुलिस ग्राउंड के अलावा साइंस कॉलेज में ही आयोजन करने की क्या आवश्यकता पड़ी? नगर पालिक निगम जब एक है तो आयोजन दो जगह क्यों?
कांग्रेस ने कहा कि 20 लाख रुपए की निविदा नगर पालिक निगम ने निकाली है जबकि मुश्किल से 4 लाख का खर्च आता है ये भ्रष्टाचार नहीं तो क्या है। रावण के पुतले के लिए ₹6 लाख का प्रस्ताव है जबकि ₹50 हजार में पुतला तैयार हो जाता है क्या नगर पालिक निगम सोने का रावण जलाने वाला है? इस तरह से त्योहार का सरकारी कारण पूरी तरह से अनुचित है, कल हो सकता है नगर पालिक निगम होली दिवाली में भी दखल देने लगे।
उन्होंने कहा जब उक्त क्षेत्र में लोग स्वयं के खर्चे से आयोजन करते आ रहे हैं तो नगर पालिक निगम क्यों खर्च करना चाहती है? अगर नगर पालिक निगम के पास अतिरिक्त मद है तो जनहित के कार्यों में खर्च करना ज्यादा उपयोगी होगा। कांग्रेस कमेटी बिलासपुर अपने सहयोग से साइंस कॉलेज मैदान के रावण दहन का संपूर्ण खर्च उठाने को तैयार है नगर पालिक निगम इस पैसे को जनहित में लगाए।यदि इस प्रकार का आयोजन करना ही है तो नगर पालिक निगम सभी विधानसभा में आयोजन करें केवल साइंस कॉलेज में ही नहीं।सवाल यह भी है कि क्या पुलिस ग्राउंड रावण दहन के लिए भी 20 लाख रुपए की निविदा निकाली जाएगी? बड़ा सवाल यह भी है कि पूर्व में रावण दहन को लेकर एमआइसी से प्रस्ताव पारित है जिसके अनुसार बिलासपुर नगर विधायक ही पुतला दहन करेंगे तो क्या साइंस कॉलेज में ऐसा होने वाला है? साइंस कॉलेज बेलतरा विधानसभा में आता है।



