ब्रेकिंग

सीएम के कॉल ने बढ़ाया बिलासपुर की बिटिया पर्वतारोही निशा का हौसला, कहा नो टेंशन किलिमंजारो की चोटी पर लहरा दो तिरंगा

Spread the love

0श्री साय ने अपने लक्ष्य पर फोकस करे छोड़ दे चिंता

0आर्थिक तंगी अब सपनों को पूरा करने में नहीं बनेगी बाधा

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर में रहने वाली पर्वतारोही निशा यादव को गुरुवार कॉल किया। उन्होंने कहा कि आपको किलिमंजारो चढ़ना है, आप खर्च की चिंता न करें। चकित निशा ने पूछा आप कौन हैं, सामने से आवाज आई बेटा मैं विष्णु देव साय बोल रहा हूं। जिससे निशा और उनके परिजनों की खुशी का ठिकाना न रहा।
शुरू में तो निशा को विश्वास ही नही हुआ पर लेकिन जब मुख्यमंत्री ने पूरी बात बताई और कहा कि आप अपने लक्ष्य पर फोकस करें। छत्तीसगढ़ के हर एक बेटी का सपना पूरा करना हमारी जिम्मेदारी है। छत्तीसगढ़ सरकार आपके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री के इस अपनेपन से भरे आश्वासन को सुनकर निशा चहक उठी। मुख्यमंत्री श्री साय ने निशा से पर्वतारोहण के बारे विस्तार से चर्चा की। निशा ने मुख्यमंत्री को यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुस की चढ़ाई के दौरान आई चुनौतियों के बारे में बताया कि कैसे पर्वत की यात्रा रोमांच से भर देती हैं। कैसे पर्वतों की चोटी पर तिरंगा फहराना गर्व से भर देता है। निशा ने आगे बताया कि अब अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारो को फतह करना चाहती हैं और उनका अंतिम लक्ष्य माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने का है।

निशा ने नम आवाज में मुख्यमंत्री को आगे बताया कि मैं पिछले कई दिनों से सो नहीं पा रही थी। मेरे पिता ऑटो चालक हैं और मेरे सपने को पूरा कर पाना उनके लिए कठिन था। मन में बड़ी दुविधा थी कि यह कैसे संभव हो पाएगा, मेरे सपने का क्या होगा।आज आप ने मेरी सारी चिंताओं को दूर कर दिया है। मुख्यमंत्री जी मैं आपको बहुत धन्यवाद देती हूं। निशा की आत्मविश्वास भरी इन बातों को सुनकर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को अपनी बेटियों पर गर्व है। हम चाहेंगे कि छत्तीसगढ़ की बेटी माउंट एवरेस्ट पर भी तिरंगा फहराए। उन्होंने कहा कि आर्थिक हालात से हौसले पस्त नहीं होते। उन्होंने निशा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपका आत्मविश्वास और जुनून जरूर आपको अपने लक्ष्य तक पहुंचाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *