

बिलासपुर। एक तरफ डीपी विप्र कॉलेज के ऑटोनॉमस की मान्यता के मामले में विद्यार्थियों का अटल यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन और दूसरी तरफ इसी कॉलेज के बीएससी के 80 फीसदी विद्यार्थियों के बॉटनी और जूलॉजी में अनुत्तीर्ण होने से बवाल तो मचना ही था। इस रिजल्ट से आक्रोशित विद्यार्थियों ने सोमवार को कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मनीष मिश्रा के नेतृत्व में परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंप कापियों की फिर से दो प्रोफेसरों की मौजूदगी में निःशुल्क जांच कराने की मांग की है।

पूर्व अध्यक्ष ने जानना चाहा कि कही ऑटोनॉमस को लेकर चल रहे विद्यार्थियों के आंदोलन को लेकर प्रतिशोध की भावना से तो इन विद्यार्थियों के भविष्य से जानबूझकर ऐसा खिलवाड़ तो नही किया गया है।
परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर तरुण धर दीवान ने उन्हें आश्वश्त किया कि यूनिवर्सिटी के सारे निर्णय छात्रहित में होते है ऐसा बिल्कुल नही है, यदि आपकी मांग है तो वे कुलपति को आपके ज्ञापन से अवगत करा उचित निर्णय लिया जाएगा।



