ब्रेकिंग

SDM की गाड़ी बनी काल, गर्भवती महिला की मौत से हड़कंप, फरार चालक की कार ग्रामीणों ने खुद पकड़ी…

Spread the love

बिलासपुर,,, जिले के कोनी थाना क्षेत्र में राखी के दिन हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। 9 अगस्त को दोपहर के समय लोखड़ी गांव से देवरी की ओर जा रहे सुमित सूर्यवंशी अपनी गर्भवती पत्नी हेमलता सूर्यवंशी (उम्र लगभग 28 वर्ष) और दो बच्चों के साथ बाइक पर सवार थे। जैसे ही वे तुर्काडीह के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार SDM की सरकारी गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भयावह था कि हेमलता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुमित और उनके दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद सरकारी वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह गाड़ी को एक स्थानीय गैरेज में छिपा कर फरारी में चला गया।

इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। तीन दिनों तक वाहन और आरोपी चालक की तलाश के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने खुद गाड़ी को ढूंढ निकाला और उसे कोनी थाना पुलिस के हवाले कर दिया। वाहन पर SDM कार्यालय का बोर्ड लगा हुआ था, जिसे हादसे के बाद हटा दिया गया था।

मृतका के परिजनों ने जिला प्रशासन और पुलिस से दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। कोनी थाना प्रभारी ने बताया कि गाड़ी जब्त कर ली गई है और एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं ग्रामीणों की सतर्कता और सक्रियता की सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *